ग्राम प्रधान पर अपनों को रेवड़ी बांटने का आरोप
ब्यूरो सोनभद्र
नेवारी/चोपन/सोनभद्र।
सोनभद्र जिले के चोपन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवारी में सरकारी योजनाओं के बंदरबांट का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायती राज विभाग द्वारा गांव में पेयजल सुविधा के लिए स्वीकृत 5 सोलर पंप और टंकियों के आवंटन को लेकर ग्रामीणों व पंचायत सदस्यों ने वर्तमान ग्राम प्रधान पर मनमानी और पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी सोनभद्र को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।



बिना बैठक के चहेतों को बांटी गई योजना
शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत में 5 सोलर पंप और पानी की टंकियां लगाई जानी हैं। आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान आगामी चुनाव और वोट के लालच में नियमों को ताक पर रखकर इन सोलर पंपों को अपने चहेते लोगों, रिश्तेदारों तथा खुद के घर के पास लगवा रहे हैं।
ग्राम सभा के सदस्यों का कहना है कि
योजना लागू करने से पहले न तो ग्राम सभा की कोई बैठक बुलाई गई और न ही पंचायत सदस्यों से कोई सहमति ली गई।
नियमों के अनुसार सोलर पंप कहां लगाए जाएंगे, इसका प्रस्ताव ग्राम सभा में पास होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
प्रधान केवल अपने करीबियों को फायदा पहुंचा रहे हैं, जिससे पंचायत के आम लोगों को इस सुविधा का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों और ग्राम सभा सदस्यों ने पंचायती राज विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सोलर पंप और टंकी स्थापना कार्य पर तत्काल प्रभाव से संज्ञान लिया जाए और नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से इसका आवंटन कराया जाए।
