Oplus_16908288

प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (BTEUP) की सेमेस्टर परीक्षाएं आगामी 17 तारीख से प्रस्तावित हैं, लेकिन परीक्षा से ठीक पहले जनपद सोनभद्र स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक सिंदुरिया की जमीनी हकीकत छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ती नजर आ रही है। एक तरफ जहां परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ संस्थान में नियमित कक्षाओं के अभाव और आधे-अधूरे छूटे पाठ्यक्रम ने छात्र-छात्राओं को गंभीर मानसिक तनाव में डाल दिया है।

संस्थान में अनुशासन, शिक्षकों की जवाबदेही और सुचारू पठन-पाठन सुनिश्चित करने की सीधी जिम्मेदारी मुखिया यानी प्राचार्य की होती है। लेकिन छात्रों का सीधा आरोप है कि प्राचार्य महोदय का अधिकांश समय संस्थान के बाहर ही बीतता है। कैंपस में मुखिया की नियमित भौतिक मौजूदगी न होने से प्रशासनिक पकड़ पूरी तरह ढीली पड़ चुकी है। बड़ा सवाल यह उठता है कि संस्थान में उपस्थित रहे बिना इतने बड़े तकनीकी कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और अनुशासन को कैसे संभाला जा रहा है?

कॉलेज का आधिकारिक टाइम-टेबल केवल कागजों की शोभा बढ़ा रहा है। वास्तविक धरातल पर आलम यह है कि पूरे दिन में बमुश्किल दो से तीन विषयों की ही कक्षाएं संचालित हो पाती हैं, जबकि शेष महत्वपूर्ण तकनीकी व व्यावहारिक विषयों के पीरियड पूरी तरह खाली छोड़ दिए जाते हैं। छात्र सुबह से शाम तक कॉलेज में समय बिताने के बाद भी अधिकांश समय खाली बैठकर घर लौटने को मजबूर हैं।

परीक्षाएं सिर पर हैं और कई मुख्य विषयों का 50 फीसदी पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं कराया गया है। बैक लगने और साल खराब होने के डर से छात्र अब खुद के खर्च और संसाधनों से यूट्यूब व निजी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के सहारे रात-दिन जागकर सिलेबस पूरा करने की जद्दोजहद में जुटे हैं। छात्रों का कहना है कि जब अधिकांश विषयों की तैयारी खुद ही ऑनलाइन करनी है, तो फिर इस सरकारी तकनीकी संस्थान और पूरे प्रशासनिक ढांचे की उपयोगिता पर सवाल उठना लाजिमी है।

प्राविधिक शिक्षा परिषद और AICTE के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक सेमेस्टर परीक्षा से पूर्व न्यूनतम 90 प्रभावी शिक्षण दिवस (Instructional Days) अनिवार्य रूप से पूरे होने चाहिए। राजकीय पॉलीटेक्निक सिंदुरिया में जिस तरह लगातार पीरियड खाली गए हैं और सिलेबस अधूरा छूटा है, वह सीधे तौर पर परिषद के अनिवार्य नियमों का खुला उल्लंघन है।

​मामले की गंभीरता, कक्षाओं के अनियमित संचालन, अधूरे पाठ्यक्रम और संस्थान में प्राचार्य की नियमित अनुपस्थिति को लेकर जब राजकीय पॉलीटेक्निक सिंदुरिया के प्राचार्य से फोन और व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से संपर्क साधकर आधिकारिक पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो खबर प्रकाशित किए जाने तक उनकी ओर से कोई स्पष्टीकरण या जवाब प्राप्त नहीं हुआ। उनका फोन भी लंबे समय तक संपर्क क्षेत्र से बाहर/स्विच ऑफ रहा और औपचारिक संदेश भेजे जाने के बाद भी चुप्पी साधे रखी गई। संस्थान या प्राचार्य का अधिकृत पक्ष प्राप्त होते ही उसे खबर में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

By RUDRA NARAYAN

स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक। सोनभद्र, पूर्वांचल और क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं व प्रशासनिक मुद्दों पर निरंतर निष्पक्ष व सटीक रिपोर्टिंग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *