विंढमगंज पहुँचे लघु उद्योग राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
खुशी लॉज में कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं से की चर्चा, मंदिरों में दर्शन कर लिया आशीर्वाद
नंदकिशोर गुप्ता / न्यायिक भारत,
सोनभद्र के प्रभारी मंत्री एवं भाजपा नेता हंसराज विश्वकर्मा
विंढमगंज/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के लघु उद्योग राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का विंढमगंज स्थित खुशी लॉज में आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चर्चा की। साथ ही, स्नातक मतदाताओं से मुलाकात कर उनसे अपने मताधिकार का सही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती और मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया।
इसके पश्चात मंत्री पूर्व उत्तर प्रदेश अनुसूचित मोर्चा के उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान के आवास पर पहुँचे, जहाँ विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने बाबा डीहवार धाम पहुँचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। माँ दुर्गा के दर्शन के दौरान ब्रह्मचारी वेद महाराज ने उन्हें बाबा डीहवार धाम एवं श्रीराम-जानकी मंदिर का स्मृति-चिह्न भेंट किया, अंगवस्त्र पहनाया और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।



इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी श्रवण गौड़ सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। इसके बाद मंत्री ने माँ काली मंदिर पहुँचकर माता रानी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन की एकजुटता, आपसी तालमेल और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी अभियान में जुटने की अपील की।
मंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
