गंभीर रूप से घायल महिला जिला अस्पताल रेफर, हादसे के बाद ट्रेलर लेकर चालक फरार
म्योरपुर/सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर शनिवार सुबह देवरी समीप कटबन्धवां में यात्रियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अचानक ब्रेक लगाने से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही बस देवरी-बभनडीहा गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से बस उससे पीछे से टकरा गई। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए।

पांच यात्री घायल, महिला की हालत गंभीर
हादसे में छत्तीसगढ़ निवासी मुर्सरत खातून (25), म्योरपुर निवासी नेहा (19) और रुखसार (25), रेणुकूट निवासी तराना बानो (24) तथा काचन निवासी अशोक (50) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. संजीव बिंद ने घायलों का उपचार किया। मुर्सरत खातून की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद चालक की पहचान और उसके विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
