ब्यूरो सोनभद्र
​ओबरा / सोनभद्र । राजस्व वसूली के बढ़ते दबाव के बीच ओबरा क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है। बकाएदार का विद्युत बिल जमा कराने पहुंचे संविदा कर्मियों के साथ एक खनन व्यवसायी द्वारा अभद्रता, मारपीट और उन्हें घर में बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद से बिजली कर्मियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

​ओबरा नगर और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के लिए सेक्टर-9 और सेक्टर-10 (गजराज नगर) नाम से दो सब-स्टेशन संचालित हैं। इन दिनों शासन के निर्देशानुसार राजस्व वसूली के लिए बिजली विभाग पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसी के तहत सभी विद्युत कर्मियों को बकाएदारों की सूची सौंपी गई है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओबरा सब-स्टेशन के संविदा कर्मी रामचंद्र और सुरेश बकाएदारों को फोन पर बिल जमा करने की अपील कर रहे थे। इसी क्रम में, बिल्ली स्कूल के सामने स्थित अग्रवाल नगर निवासी उपभोक्ता पंकज राय (जो कि खनन व्यवसायी बताए जा रहे हैं) को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया।
​फोन न उठाए जाने पर संविदा कर्मी उनके घर पहुंचे और बिल जमा करने का अनुरोध करते हुए चेतावनी दी कि भुगतान न होने की स्थिति में बिजली काट दी जाएगी।

​संविदा कर्मियों की यह बात सुनते ही उपभोक्ता पंकज राय आग बबूला हो गए। आरोप है कि उन्होंने कर्मियों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, बल्कि उन्हें जबरन घर के अंदर खींचकर बंधक भी बना लिया।
​पीड़ित कर्मियों का आरोप है कि उपभोक्ता ने धमकी दी, “अपने तकनीशियन और अवर अभियंता को बुलाओ, उन्हें 20 डंडे मारूंगा, तभी तुम लोगों को यहां से जाने दिया जाएगा।”

​घटना से घबराए संविदा कर्मियों ने तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को पूरी बात से अवगत कराया। इसके बाद अवर अभियंता ने ओबरा थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी ओबरा श्री प्रणय प्रसून श्रीवास्तव द्वारा फोन पर उपभोक्ता से बातचीत करने के बाद, किसी तरह संविदा कर्मियों को मुक्त कराया गया।
​कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, थाने पहुंचकर सौंपा प्रार्थना पत्र
​इस घटना से नाराज सभी संविदा कर्मियों ने उपकेंद्र पर पहुंचकर तत्काल प्रभाव से सभी विभागीय कार्यों का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। इसके बाद बड़ी संख्या में एकजुट होकर विद्युत कर्मी ओबरा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा।
​थाना प्रभारी ओबरा श्री प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने संविदा कर्मियों को आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By RUDRA NARAYAN

स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक। सोनभद्र, पूर्वांचल और क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं व प्रशासनिक मुद्दों पर निरंतर निष्पक्ष व सटीक रिपोर्टिंग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *